74 शौचालयों की धनराशि में गबन का आरोप, एडीओ बोले—दो टीम गठित, जांच कर होगी कार्रवाई
आइडियल इंडिया न्यूज, पुनीत यादव, सीतापुर
सीतापुर। जनपद सीतापुर के विकासखंड ऐलिया की ग्राम पंचायत कैनपुर में शौचालय निर्माण की धनराशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायत में स्वीकृत 74 शौचालयों की धनराशि निकाल ली गई, लेकिन किसी भी लाभार्थी का शौचालय नहीं बनवाया गया। वहीं इस मामले में एडीओ पंचायत ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो टीमों का गठन कर दिया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान ने उन्हें यह कहकर उनके खातों से पैसा निकलवा लिया कि यह मनरेगा का पैसा है। आरोप है कि लाभार्थियों से धनराशि निकलवाने के बाद किसी को 100 रुपये तो किसी को 500 रुपये देकर बाकी पैसा ग्राम प्रधान ने अपने पास रख लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत उन्होंने 11 सितंबर 2025 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015425069051 के माध्यम से की थी, लेकिन जांच रिपोर्ट को फर्जी, भ्रामक और असत्य बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच टीम मौके पर जाने के बजाय ग्राम प्रधान के घर में बैठकर ही रिपोर्ट तैयार कर दी और कुछ लोगों के फर्जी अंगूठे व हस्ताक्षर लगाकर मनगढ़ंत आख्या लगा दी गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी होने के कारण निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई और सरकारी धन के दुरुपयोग को दबाने की कोशिश की गई है।
वहीं इस पूरे मामले में जब एडीओ पंचायत को अवगत कराया गया तो उन्होंने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दो टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ