तिलक समारोह में फायरिंग, दूल्हा व किशोर समेत तीन घायल
पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से मारपीट, मेडिकल कॉलेज रेफर
आइडियल इंडिया न्यूज़
शरद कपूर, बिन्दु मौर्या सीतापुर
खैराबाद, सीतापुर। थाना क्षेत्र के कनयातपुर गांव में बुधवार देर रात तिलक समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। इस घटना में दूल्हा समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी खैराबाद ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दबिश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कनयातपुर निवासी शिव कुमार के पुत्र पवन का तिलक समारोह चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे कार्यक्रम के दौरान पड़ोस के कुछ लोगों से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।फायरिंग में दूल्हा पवन पुत्र शिव कुमार की पीठ में छर्रे लगे, जबकि उसका 15 वर्षीय भतीजा सत्यम पुत्र पूरन के चेहरे पर छर्रे लगे। वहीं उनके साथी कौशल के हाथ में छर्रा लगने से वह भी घायल हो गया। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट भी की गई।पीड़ित पक्ष का कहना है कि शादी समारोह में खलल की आशंका को लेकर पहले ही थाने में लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था,
इसके बावजूद घटना हो गई। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान सत्यम कार के पीछे गया था, जहां घर के बाहर निकली एक महिला से उसका विवाद हो गया। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष के लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोंसले भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा।सीओ सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। तहरीर के आधार पर शिव शंकर पुत्र मूलचंद, नरेश पुत्र मूलचंद, जसवंत पुत्र शिव शंकर, संतराम पुत्र नरेश एवं कृष्णा उर्फ वीरू पुत्र रामगोपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण बताई जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



0 टिप्पणियाँ