BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और सेवा का संदेश बना बाबा गणीनाथ-गोविंदजी चैरिटेबल ट्रस्ट का स्वतंत्रता दिवस समारोह

 राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और सेवा का संदेश बना बाबा गणीनाथ-गोविंदजी चैरिटेबल ट्रस्ट का स्वतंत्रता दिवस समारोह

 डॉ .ए .के. गुप्ता 

आइडियल इंडिया न्यूज़ द्वारका मोड़ ,नई दिल्ली 

                 


नई दिल्ली। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बाबा गणीनाथ-गोविंदजी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा दिल्ली के मुकुंदपुर स्थित नवनिर्मित बहुउद्देशीय भवन (धर्मशाला)-सह-कार्यालय परिसर में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, संस्कार और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुरुभक्तों एवं समाजबंधुओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

                       


समारोह का शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार साह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित गुरुभक्तों एवं समाजबंधुओं ने राष्ट्रगान तथा देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। पूरे परिसर में तिरंगे की छटा और देशभक्ति के वातावरण ने समारोह को विशेष रूप से यादगार बना दिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष विनोद कुमार साह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और समाज के लिए सेवा का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट सेवा, समर्पण, संस्कार और सामाजिक एकता को केंद्र में रखते हुए जनकल्याण एवं समाजसेवा के कार्यों के लिए निरंतर समर्पित है। उन्होंने नवसदस्यों से समाज की मुख्यधारा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पतंगबाजी का भी आयोजन किया गया। तिरंगे के रंगों वाली पतंगों के साथ उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक पतंगबाजी की। उपाध्यक्ष जे.पी. गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष अजय कुमार ने पतंगबाजी में भाग लेकर भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी पुरानी परंपराओं को जीवंत किया। आसमान में लहराती रंग-बिरंगी पतंगों ने समारोह के उत्साह को और बढ़ा दिया।

 ट्रस्ट के महामंत्री रविंद्र कुमार मद्देशिया ने कहा कि बाबा गणीनाथ-गोविंदजी की पवित्र परंपरा समाज को आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सेवा का संदेश देती है। वर्तमान समय में समाज को जाति, क्षेत्र एवं अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की आवश्यकता है। राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

समारोह के दौरान ट्रस्ट में नई सदस्यता ग्रहण करने वाले सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं एवं नए सदस्यों का संस्था से जुड़ना ट्रस्ट के उज्ज्वल भविष्य का शुभ संकेत है। सभी नए सदस्यों से समाजसेवा, राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किए गए नवसदस्यों में राम प्रवेश गुप्ता, सरोज गुप्ता, संजय गुप्ता, किशन लाल गुप्ता, नागेंद्र शाह, राकेश कुमार गुप्ता, अजय कुमार साह, लक्ष्मण साह एवं श्री नीरज गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे। सम्मानित सदस्यों ने ट्रस्ट की सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह की सफलता में महामंत्री रविंद्र कुमार मद्देशिया, उपाध्यक्ष जे.पी. गुप्ता, रमेश कुमार, सह-कोषाध्यक्ष -प्रमोद कुमार, संयोजक- नीरज कुमार राजीव कुमार(आर.के. पुरम),, संजय कुमार (रोहिणी), अमरनाथ गुप्ता (रोहिणी), ट्रस्टी अरुण कुमार एवं संजय कुमार गुप्ता (मुकुंदपुर), दीपक कुमार सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजबंधुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, खेल, कला, साहित्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जाने की जानकारी दी गई। संस्था का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान करना तथा नई पीढ़ी को संस्कार, संस्कृति और सेवा की भावना से जोड़ना है। पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक एकता और परस्पर सहयोग के माध्यम से समाज को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।



समारोह के अंत में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन केवल ध्वजारोहण तक सीमित न रहकर राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सेवा-संकल्प का प्रेरणादायी पर्व बन गया।


बाबा गणीनाथ-गोविंदजी चैरिटेबल ट्रस्ट ने इस आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि राष्ट्र की मजबूती के लिए सेवा, संस्कार, एकता और भाईचारे को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ