सैनिक सम्मान में गूँजा राष्ट्रभक्ति का स्वर एवं कवियों ने बाँधा समा
आइडियल इंडिया न्यूज़
संजय पांडेय सरस प्रमुख संपादक आजमगढ़
आजमगढ़, 16 अगस्त 2026। तमसा काव्य मंच आजमगढ़ एवं राष्ट्रीय कवि संगम आजमगढ़ इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जनपद के प्रतिष्ठित श्री मारवाड़ी धर्मशाला में "सैनिक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर प्रभुनाथ सिंह 'मयंक' ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रवेश कुमार सिंह उपस्थित रहेl मंच का कुशल संचालन गीतकार विजयेंद्र कुमार श्रीवास्तव 'करुण' ने किया।
समारोह के शुभारंभ में तमसा काव्य मंच के संस्थापक एवं युवा गीतकार राकेश पांडेय सागर एवं संस्था के पदाधिकारीयों द्वारा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त तीन वीर सैनिकों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले सैनिकों में सैनिक शिक्षा कोर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ साहित्यकार सूबेदार श्री हरिहर पाठक, राजपूताना राइफल्स से सेवानिवृत्त सूबेदार श्री संतोष कुमार सिंह तथा सेना के इलेक्ट्रॉनिक एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग कोर से सेवानिवृत्त श्री रिंकू गुप्ता जी की पावन उपस्थिति रही.
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में कवयित्री श्रीमती सरोज यादव द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के पश्चात काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोष्ठी में श्री दिनेश 'दानिश', रुद्रनाथ चौबे 'रूद्र', संजय पांडेय 'सरस', विजयेंद्र श्रीवास्तव 'करुण', अनुपम पांडेय 'अनहद', संदीप गांधी 'नेहाल', आदित्य 'आजमी', श्रीमती शालिनी राय, राकेश पांडेय 'सागर', रवि प्रकाश, अजय कुमार पांडेय, रत्नेश राय एवं लोक कवि लालबहादुर चौरसिया 'लाल' सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने कहा कि "सैनिकों का सम्मान, राष्ट्र का सम्मान है"। उन्होंने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। अंत में कार्यक्रम संयोजक राकेश पांडेय 'सागर' ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।




0 टिप्पणियाँ