सरकारी सीसीटीवी कैमरे बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
आइडियल इंडिया न्यूज बिन्दू मौर्या सीतापुर
सीतापुर। विकास खण्ड खैराबाद की ग्राम पंचायत विशुन नगर के गांव मुबारकपुर में सरकारी मद से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे शोपीस बनकर रह गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा, जिससे गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीण उमाशंकर, रिंकू, प्रेम, बबलू और महादेव ने बताया कि पंचायत भवन के आसपास तथा बहराइच–सीतापुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास स्थित पंचायत भवन भी आए दिन बंद रहता है। कैमरे बंद होने की स्थिति में यदि सड़क दुर्घटना, चोरी या कोई अन्य आपराधिक घटना घटित होती है, तो साक्ष्य के अभाव में पीड़ितों को न्याय मिलना मुश्किल हो सकता है। जबकि सरकार द्वारा ये कैमरे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगाए गए थे।
आरोप यह भी है कि सीसीटीवी कैमरों के रिचार्ज और रखरखाव के नाम पर लगातार सरकारी धन निकाला जा रहा है, लेकिन हकीकत में अधिकांश कैमरे खराब या बंद पड़े हुए हैं। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत भवन को नियमित रूप से खोला जाए, सभी सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराया जाए तथा यदि रखरखाव के नाम पर अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जब तक कैमरे सुचारू रूप से कार्य नहीं करेंगे, तब तक सुरक्षा का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता।

0 टिप्पणियाँ