सीतापुर: ग्राम पंचायत पहाड़पुर में विकास कार्यों की पोल खुली, लाखों के भुगतान के बाद भी हालात जस के तस
आइडियल इंडिया न्यूज पुनीत यादव सीतापुर
जनपद सीतापुर के विकासखंड खैराबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़पुर में विकास कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विभिन्न मदों में लाखों रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पहाड़पुर में जल निकासी की भारी समस्या बनी हुई है। गांव की गलियां कीचड़ से भरी रहती हैं, जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह से बदहाल है। गांव में लगे कई सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। रहमद अली के दरवाजे पर लगा सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब है, जबकि मुस्ताक के दरवाजे पर खड़ा सरकारी हैंडपंप भी खराब हालत में है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी कई नल खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विभिन्न स्थानों पर खड़ंजा मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान दिखाया गया है, जबकि हकीकत में ऐसा कोई कार्य मौके पर नहीं हुआ। सड़कें पहले जैसी टूटी-फूटी और कीचड़ से भरी हुई हैं।
पंचायत भवन की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है और वह लगभग जर्जर हालत में पड़ा है। सामुदायिक शौचालय खंडहर में तब्दील हो चुका है, जिससे स्वच्छ भारत अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं। वहीं पंचायत भवन की जमीन पर ग्रामीणों द्वारा कब्जा कर वहां कंडे पाथे जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विकास कार्यों में हुए कथित घोटाले की जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ग्राम पंचायत पहाड़पुर को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

0 टिप्पणियाँ