मोबाइल टावर बैट्री चोरी गैंग का भंडाफोड़, 6 शातिर चोर गिरफ्तार
आइडियल इंडिया न्यूज पुनीत यादव सीतापुरसीतापुर पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैट्री चोरी करने वाली एक अंतरजनपदीय गैंग का सफल अनावरण करते हुए छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग चार लाख रुपये कीमत की बैटरियां, 90 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी अपराध और क्षेत्राधिकारी सिधौली के नेतृत्व में एसओजी, थाना कमलापुर और थाना रामकोट की संयुक्त पुलिस टीम ने हाईवे पर गोन नदी के पास से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल 18 अदद बैट्री सेल, एक प्लास्टिक की बोरी में 48 किलो बैट्रियों का रांगा-चूरा, 90 हजार रुपये नकद, तीन तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त डाला/छोटा हाथी वाहन तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे आपस में मिलकर योजनाबद्ध तरीके से मोबाइल टावरों, ट्रकों और घरों से बैटरियां चोरी करते थे। चोरी की गई बैटरियों को कबाड़ी की मदद से काटकर उनका रांगा-चूरा निकालकर अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनके संबंध में कुल नौ अभियोगों का अनावरण किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद अवैध शस्त्रों के संबंध में अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ