सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों की डीएम ने की समीक्षा, कहा लापरवाही पर नापेंगे संबंधित अधिकारी
आइडियल इंडिया न्यूज , विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता, पटना
कैमूर/भभुआ।जिला पदाधिकारी कैमूर नितिन कुमार की अध्यक्षता में आज सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं लंबित मामलों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहे, जबकि सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। इस दौरान जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने प्रत्येक प्रखंड में सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की संख्या, निष्पादित मामलों तथा लंबित आवेदनों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा आवेदकों को उनके आवेदन की प्रगति एवं निष्पादन की सूचना समय पर उपलब्ध कराई जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर जन-समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी माध्यम है। इसकी सफलता प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निष्पादन पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। समीक्षा के उपरांत जिला पदाधिकारी ने आवश्य दिशा निर्देश जारी करते हुए,कहा कि सहयोग शिविर माध्यम से जनता का विश्वास और मजबूत होना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ