योजनाओं की खुदाई से बदहाल ब्रह्मपुरी, गैस पाइपलाइन के गड्ढे बने हादसे का कारण
आइडियल इंडिया न्यूज, शरद कपूर बिन्दू मौर्या, सीतापुर
सीतापुर । नगर पालिका परिषद सीतापुर क्षेत्र के वार्ड प्रेमनगर स्थित मोहल्ला ब्रह्मपुरी में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बन गई है। करीब एक सप्ताह पहले सड़क और गलियों में खुदाई कर दी गई, लेकिन अब तक गड्ढों की भराई नहीं कराई गई, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि खुले पड़े गड्ढों में छोटे बच्चे खेलते समय गिर सकते हैं। वहीं शाम के समय पर्याप्त रोशनी न होने से बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह गड्ढों के किनारे की मिट्टी ढीली होने से फिसलन और गिरने का खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले जल जीवन मिशन के तहत भी गलियों में खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया। अब गैस पाइपलाइन के नाम पर दोबारा खुदाई होने से जो बची-खुची सड़कें थीं, वे भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।मोहल्लावासियों का आरोप है कि ब्रह्मपुरी की सड़कों और नालियों की समस्याओं पर पहले से ही कोई ठोस सुनवाई नहीं हो रही थी। ऊपर से विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बार-बार की जा रही खुदाई ने हालात और बदतर कर दिए हैं। टूटी सड़कों के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या भी बढ़ने लगी है।मोहल्ला ब्रह्मपुरी के निवासियों ने एकजुट होकर नगरपालिका परिषद सीतापुर एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि तत्काल गड्ढों की भराई कराकर सड़कों को समतल किया जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी योजना के कार्य के बाद सड़क और नालियों की समुचित मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके और आमजन को राहत मिल सके।

0 टिप्पणियाँ