बाबागंज में सरकारी भूमि पर कब्जे का मामला: पैमाइश शुरू, प्रशासन की पूर्व लापरवाही पर उठे सवाल
आइडियल इंडिया न्यूज़
अनवार खां मोनू,बहराइच
बाबागंज बहराइच। बहराइच जनपद की नानपारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत कस्बा बाबागंज के मौजा सोरहिया स्थित गाटा संख्या 760 (रास्ता) व 761 (बंजर भूमि) पर अवैध कब्जे के आरोपों के बाद राजस्व विभाग ने पैमाइश शुरू कर दी है।ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे से सटी करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर लंबे समय से दुकानें व मकान बनाकर कब्जा किया गया, स्थानीय लोगों ने कई बार दर्जनों शिकायत पत्र दिये, लेकिन राजस्व व स्थानीय प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि यदि प्रारंभिक स्तर पर शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता, तो सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध नहीं होता और सरकारी भूमि पर निर्माण नहीं हो पाता। मामले की बढ़ती गंभीरता और जनदबाव के बाद प्रशासन ने पांच लेखपाल व दो कानूनगो की संयुक्त टीम गठित कर अभिलेखों के आधार पर नाप-जोख शुरू कराई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच के साथ-साथ यह भी मांग की है कि पूर्व में शिकायतों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो और जवाबदेही तय की जाए। फिलहाल क्षेत्र में हलचल है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ