BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

नेपाल सीमा पर ‘गुटखा साम्राज्य’ बेख़ौफ़ सिस्टम, पान मसाला की कालाबाजारी से कानून को खुली चुनौती

 नेपाल सीमा पर ‘गुटखा साम्राज्य’ बेख़ौफ़ सिस्टम, पान मसाला की कालाबाजारी से कानून को खुली चुनौती 

आइडियल इंडिया न्यूज़ 

अनवार खां मोनू बहराइच 

                    

बाबागंज (बहराइच)।नेपाल सीमा से सटे गांवों में अवैध कारोबार का ऐसा जाल फैल चुका है, जो न सिर्फ प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि सरकार के राजस्व को भी करोड़ों की चपत लगा रहा है। सिस्टम पान मसाला (गुटखा) की खुलेआम कालाबाजारी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक सीमा क्षेत्र रुपईडीहा इस अवैध नेटवर्क का बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां एक स्टाकिस्ट अपने गुर्गों के माध्यम से बाजार में गुटखे की कृत्रिम कमी दिखाकर जमकर मुनाफाखोरी कर रहा है। हालत यह है कि प्रति बोरा गुटखा वास्तविक कीमत से ढाई हजार रुपये तक महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। मजबूर दुकानदार ऊंचे दाम पर माल खरीदने को विवश हैं और इसका सीधा बोझ आम उपभोक्ता पर पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि नेपाल–भारत सीमा के रास्ते गुटखे की अवैध आपूर्ति धड़ल्ले से हो रही है। बहराइच निवासी एक बड़े कारोबारी ने रुपईडीहा में अपना गोदाम बना रखा है, जहां रोजाना सैकड़ों बोरे गुटखा पहुंचता है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा कारोबार बिना बिल और टैक्स चोरी के साथ नंबर-दो के खेल में चल रहा है।

सूत्र यह भी बताते हैं कि शहर के दरगाह रोड स्थित एजेंसी मालिक इस पूरे नेटवर्क की रीढ़ बना हुआ है। नियम-कानून को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये का यह काला कारोबार निर्बाध रूप से संचालित हो रहा है। इससे न केवल छोटे व्यापारी तबाह हो रहे हैं, बल्कि सरकार को भी हर दिन भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतना बड़ा नेटवर्क आखिर किसकी शह पर फल-फूल रहा है? जिम्मेदार विभागों की चुप्पी और कार्रवाई का अभाव संदेह को और गहरा करता है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस गोरखधंधे पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, अवैध गोदामों को सील किया जाए और कालाबाजारी में शामिल बड़े चेहरों को बेनकाब कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सीमा क्षेत्र में कानून का राज स्थापित हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ