BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

सीतापुर: पहाड़पुर में विकास कार्यों की खुली पोल, लाखों के भुगतान के बाद भी हालात चिंताजनक

 सीतापुर: पहाड़पुर में विकास कार्यों की खुली पोल, लाखों के भुगतान के बाद भी हालात चिंताजनक

 आइडियल इंडिया न्यूज की खबर का बड़ा असर, बीडीओ ने मौके पर की जांच मिली खामियां

आइडियल इंडिया न्यूज, पुनीत यादव सीतापुर

सीतापुर (खैराबाद)। जनपद सीतापुर के विकासखंड खैराबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़पुर में विकास कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पंचायत में विभिन्न मदों में लाखों रुपये के भुगतान दर्शाए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में जल निकासी की समस्या विकराल बनी हुई है। अधिकांश गलियां कीचड़ से भरी हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

रहमद अली के दरवाजे पर लगा सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है, जबकि मुस्ताक के दरवाजे पर स्थित हैंडपंप भी अनुपयोगी हालत में है। इसके अलावा गांव में लगे कई अन्य सरकारी नल भी खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खड़ंजा मरम्मत के नाम पर कई स्थानों पर लाखों रुपये का भुगतान दिखाया गया है, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया। सड़कें आज भी टूटी-फूटी और कीचड़ से भरी हुई हैं। इसके साथ ही रोड़ा-रबीस के नाम पर भी फर्जी भुगतान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

ग्राम पंचायत का पंचायत भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जबकि सामुदायिक शौचालय खंडहर में तब्दील हो गया है। स्वच्छ भारत अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। इतना ही नहीं, पंचायत भवन की जमीन पर कब्जा कर कंडे पाथे जाने की शिकायत भी सामने आई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रकाशित खबर का बड़ा असर, प्रशासन हरकत में

यह मामला आइडियल इंडिया न्यूज में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। खबर का असर यह रहा कि खैराबाद विकासखंड के खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे स्वयं ग्राम पंचायत पहाड़पुर पहुंचे और मौके पर जाकर जांच की।

जांच के बाद बीडीओ नीरज दुबे ने बताया कि खबर में प्रकाशित अधिकांश तथ्य सही पाए गए हैं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष व विस्तृत जांच कराकर विकास कार्यों में हुए कथित घोटाले का पर्दाफाश किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम पंचायत पहाड़पुर को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ