BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

सीतापुर: खैराबाद की टिकरिया गौशाला में अमानवीय हालात, मृत गोवंश खुले में पड़े — सियार व कुत्तों का आतंक

 सीतापुर: खैराबाद की टिकरिया गौशाला में अमानवीय हालात, मृत गोवंश खुले में पड़े — सियार व कुत्तों का आतंक

आइडियल इंडिया न्यूज पुनीत यादव सीतापुर 

सीतापुर (खैराबाद)

जनपद सीतापुर के विकासखंड खैराबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकरिया में स्थित गौशाला की स्थिति बेहद चिंताजनक और शर्मनाक बनी हुई है। गौशाला परिसर के भीतर तथा बाहर कई स्थानों पर मृत गोवंश पड़े पाए गए, जिन्हें खुले में जंगली सियार और आवारा कुत्ते नोचते हुए देखे गए। यह दृश्य न केवल मानवता को शर्मसार करने वाला है, बल्कि गौवंश संरक्षण के नाम पर हो रहे प्रशासनिक दावों की भी पोल खोलता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार टिकरिया गौशाला में आए दिन गोवंशों की मौतें हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। मृत गोवंशों के समय पर निस्तारण की व्यवस्था न होने से क्षेत्र में संक्रमण और महामारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में गोवंशों के लिए हरे चारे, स्वच्छ पानी और चिकित्सकीय देखभाल की भारी कमी है। समय पर चारा न मिलने, बीमारियों और ठंड से कमजोर गोवंश दम तोड़ रहे हैं। वहीं गौशाला की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह बदहाल बताई जा रही है।

इस गंभीर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि टिकरिया गौशाला की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, लापरवाह जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और गौवंशों के संरक्षण हेतु स्थायी व प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

यह मामला केवल एक गौशाला की बदहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि गौवंश संरक्षण योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ