दो हाईवे को जोड़ने की योजना अधर में, अब रामपुर से निगोह तक ही होगा चौड़ीकरण
आइडियल इंडिया न्यूज़राहुल गौतम मछली शहर जौनपुर
मछली शहर जौनपुर। मछलीशहर-वाराणसी हाईवे को जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे से जोड़ने वाला रामपुर-निगोह-जरौना-गोधना मार्ग फिलहाल चौड़ा नहीं हो पाएगा। सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई है। इसकी वजह 25 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट होना बताया जा रहा है। ऐसे में अब इस सड़क का रामपुर से निगोह तक ही चौड़ीकरण कराया जाएगा। मछलीशहर-वाराणसी हाईवे को जौनपुर-मिर्जापुर हाईवे से जोड़ने की योजना है। इसके लिए रामपुर-निगोह-जरौना-गोधना मार्ग को साढ़े पांच मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने तैयार किया। 31.38 करोड़ रुपये के इस प्रस्ताव को शासन में बजट के लिए भेजा गया। इस बजट से 19.885 किलोमीटर सड़क बनाने की योजना थी लेकिन शासन ने प्रस्ताव को यह कह कर खारिज कर दिया कि बजट 25 करोड़ से ज्यादा है, इसलिए स्वीकृति नहीं मिल सकती। इसे फिर से दोबारा बनाकर उपलब्ध कराएं। इसके बाद अक्तूबर में फिर लोक निर्माण विभाग ने रामपुर से निगोह तक 12.450 किमी लंबी सड़क के लिए 18.12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा। इस प्रस्ताव में अब जरौना से निगोह तक 7.435 किमी सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाएगा। अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पहले रामपुर से जरौना तक एस्टीमेट भेजा गया था लेकिन इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई। फिर से रामपुर से निगोह तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है। सड़क साढ़े पांच मीटर चौड़ी की जाएगी। जल्द की सड़क का प्रस्ताव पास होने की उम्मीद है

0 टिप्पणियाँ