दिल्ली में बहराइच के नेताओं का कांग्रेस में प्रवेश, पूर्व चेयरमैन हाजी रेहान समेत कई सभासदों की एंट्री से बदलेगा सियासी समीकरण
बहराइच की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख चेहरों के कांग्रेस में शामिल होने से जिले की सियासत में हलचल बढ़ गई
आइडियल इंडिया न्यूज़
अनवार खाँ मोनू, बहराइच / दिल्ली
राजधानी दिल्ली में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में बहराइच की सियासत का बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। बहराइच नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष हाजी रेहान खान आढ़ती, छावनी बाजार के सभासद इरशाद अहमद, दरगाह शरीफ के सभासद सज्जन अहमद और मंसूरगंज के सभासद विशाल कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।कांग्रेस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम में 114 से अधिक नेताओं एवं पदाधिकारियों के पार्टी में शामिल होने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक सपा और बसपा से जुड़े वरिष्ठ नेता रामवीर चौधरी भी अपने 21 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए।राजनीतिक जानकारों के मुताबिक पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी रेहान खान की कांग्रेस में एंट्री को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। नगर क्षेत्र में उनका मजबूत राजनीतिक और सामाजिक संपर्क रहा है। उनके साथ अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े निर्वाचित प्रतिनिधियों के कांग्रेस में आने से पार्टी को जिले में अपना संगठनात्मक आधार बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के नॉर्थ ईस्ट लोकसभा प्रभारी महबूब मलिक, सीमापुरी विधानसभा के ऑर्गेनाइजेशन सेक्रेटरी हाजी अरकाम और अंसारी समाज के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नासिर अंसारी के भी कांग्रेस में शामिल होने की जानकारी दी गई।कांग्रेस ने कहा कि नए सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा तथा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों में विश्वास व्यक्त किया है। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को पार्टी के संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

0 टिप्पणियाँ