महिला से घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी
आइडियल इंडिया न्यूज़
शैलेश तिवारी, मड़ियाहूं, जौनपुर
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां कला गांव में मायके आई एक महिला से घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। केराकत थाना क्षेत्र के मुर्की निवासी रेहाना पत्नी नूरुल हक ने आरोप लगाया है कि 21 जुलाई की शाम करीब आठ बजे वह अपने मायके मझगवां कला में भाभी सलमा के साथ बातचीत कर रही थीं। तभी गांव का तारीफ पुत्र मेराज अकबर उर्फ नन्हे पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते उनके घर में घुस आया। आरोपी तारीफ ने रेहाना के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। विरोध करने पर उसने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे रेहाना को चोटें आईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर रेहाना, उनकी भाभी और बच्चों को सुरक्षित बचाया। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि उसी रात जलालपुर थाने में तहरीर देने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। रेहाना ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। रेहाना ने बताया कि उनका भाई रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहता है, जिससे मायके में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी लगातार परिवार को भयभीत कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, तत्काल एफआईआर दर्ज करने और आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ