BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

शैक्षणिक भ्रमण ने दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है- डा राम नारायण सिंह आइडियल इंडिया न्यूज़ केदारनाथ सिंह समाचार सम्पादक जौनपुर

 

शैक्षणिक भ्रमण ने दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है- डा राम नारायण सिंह 

आइडियल इंडिया न्यूज़ 

केदारनाथ सिंह समाचार सम्पादक जौनपुर 

            


जौनपुर। नगर के रूहट्टा स्थित राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन दिव्यांग बच्चों का स्कूल एवं पुनर्वास केंद्र के दिव्यांग बच्चों का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण नोएडा में प्रेरणादायी और यादगार साबित हुआ। इस दौरान बच्चों ने न केवल विभिन्न संस्थानों का भ्रमण किया, बल्कि अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सभी का दिल भी जीत लिया।

भ्रमण दल ट्रेन से जौनपुर से नोएडा पहुंचा। यात्रा के दौरान बच्चों ने गीत-संगीत, मनोरंजक गतिविधियों और नेत्रहीन बच्चों की प्रभावशाली वाद-विवाद प्रतियोगिता से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। नोएडा पहुंचने के बाद बच्चों ने प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. महिपाल सिंह की संस्था फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन का भ्रमण किया। यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार की गई कैंडल, मूर्तियां, खिलौने और क्ले से बनी आकर्षक कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा वोकेशनल गैलरी में प्रदर्शित हुनर की सराहना की।


इस अवसर पर फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. सुष्मिता भाटी, पत्रकार दीपक सिंह तथा राजेश स्नेह ट्रस्ट की सचिव किरण जायसवाल, उपाध्यक्ष अनुपमा राय, संगीत शिक्षक राहुल पाठक, सोहराब और शिक्षिकाएं सरस्वती, फातिमा व रेनू ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


भ्रमण के दूसरे दिन बच्चों ने केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साह बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


तीसरे दिन आयोजित "क्षितिज की गूंज – सपनों को पंख, हुनर को पहचान" कार्यक्रम में रूहट्टा के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने बच्चों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।


भ्रमण के अंतिम चरण में बच्चों ने नोएडा के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया और अविस्मरणीय यादों के साथ जौनपुर के लिए रवाना हुए।


राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन के अध्यक्ष डॉ. राम नारायण सिंह ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण ने दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ