पुलिस की तत्परता और मानवीय प्रयास से 04 वर्षीय अबोध बच्ची अपने परिवार से मिली
आइडियल इंडिया न्यूज़
सीताराम गुप्ता, श्रावस्ती बहराइच
श्रावस्ती।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में जनपद में महिलाओं/बालिकाओं व बच्चों की सुरक्षा हेतु चलाये जा रहे विभिन्न अभियान के क्रम में दिनांक 08.02.2026 को सायं लगभग 07:00 बजे *यूपी-112* के माध्यम से थाना सोनवा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सोनवा क्षेत्रान्तर्गत वैभी मोड़ के पास एक अबोध बच्ची लावारिस अवस्था में अकेले रोते हुए भटक रही है।सूचना प्राप्त होते ही यूपी-112 एवं मिशन शक्ति टीम थाना सोनवा से उ0नि0 अनुराग सिंह, का0 प्रदीप पाण्डेय एवं म0का0 संध्या तत्काल मौके पर पहुँचे।
मौके पर बच्ची अत्यंत डरी-सहमी अवस्था में पाई गई। आसपास काफी संख्या में लोग एकत्र होने के कारण बच्ची असहज महसूस कर रही थी तथा अपने संबंध में कोई जानकारी देने में असमर्थ थी। मिशन शक्ति टीम द्वारा संवेदनशीलता एवं स्नेहपूर्वक बच्ची से बातचीत की गई।तत्पश्चात बच्ची को थाना सोनवा स्थित महिला सुरक्षा केंद्र लाया गया, जहाँ म0का0 संध्या द्वारा बाल व्यवहार कौशल का परिचय देते हुए पूछताछ की गई। इस दौरान बच्ची ने अपना नाम व अपने परिजनों का नाम बताया, किंतु पता अज्ञात रहा।बच्ची की पहचान सुनिश्चित करने हेतु पुलिस टीम द्वारा बच्ची की फोटो को जनपद के विभिन्न थानों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म/व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जिसके परिणाम स्वरूप बच्ची की पहचान पुत्री मालिकराम, निवासी गुटुहरू, थाना गिलौला, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम प्रधान एवं परिजनों से संपर्क कर सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होने के कुछ ही घंटों में बच्ची के पिता एवं बाबा थाना सोनवा पहुँचे। परिजनों को देखते ही बच्ची दौड़कर अपने पिता से लिपट गई।
तत्पश्चात समस्त आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर बच्ची को उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया।

0 टिप्पणियाँ