ऑनलाइन निवेश के नाम पर 17 लाख की साइबर ठगी, इंस्टाग्राम से फंसाया – खालिसपुर गांव का युवक बना शिकार
आइडियल इंडिया न्यूज़धीरज पांडे मिर्जामुराद वाराणसी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी एक युवक ऑनलाइन निवेश के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने फर्जी निवेश एप के जरिए 15 दिन में पैसा दोगुना करने का लालच देकर युवक से करीब 17 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित की शिकायत पर मिर्जामुराद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विशाल ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि लगभग एक माह पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने उसे एक ऑनलाइन निवेश एप “Sapphire Waiting” (सफायर वेटिंग) के बारे में बताया और दावा किया कि इसमें निवेश करने पर सिर्फ 15 दिन के अंदर रकम दोगुनी हो जाती है।
ठग ने विशाल को व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक कर विशाल ने एप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उससे उसकी बैंक से जुड़ी जानकारियां मांगी गईं, जिसे विशाल ने भरोसे में आकर साझा कर दिया। शुरुआत में ठगों ने छोटे-छोटे लेनदेन कराकर कुछ मुनाफा दिखाया, जिससे विशाल का भरोसा जीत लिया गया।
इसके बाद ठगों ने उसे बड़ी रकम निवेश करने के लिए उकसाना शुरू किया। लालच में आकर विशाल ने अलग-अलग डेट में पैसे ट्रांसफर करते हुए करीब एक महीने में कुल 17 लाख रुपये ठगों को भेज दिए।
जब तय समय बीत जाने के बाद भी न तो रकम वापस मिली और न ही दोगुना पैसा आया, तब विशाल को ठगी का एहसास हुआ। उसने संपर्क करने की कोशिश की तो जिस मोबाइल नंबर से बात होती थी वह बंद मिला, इंस्टाग्राम आईडी डिलीट हो चुकी थी और फर्जी निवेश एप भी काम करना बंद कर चुका था।
इसके बाद पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल नंबर, इंस्टाग्राम अकाउंट और एप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि सोशल मीडिया के जरिए चल रहे फर्जी निवेश जाल किस तरह आम लोगों को लालच देकर लाखों की ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक, एप या निवेश योजना पर बिना सत्यापन भरोसा न करें।

0 टिप्पणियाँ