बाबा गणीनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव को लेकर उत्साह, संस्कृति वाटिका (दिल्ली)में होगा भव्य आयोजन
डॉ. ए.के. गुप्ता
आइडियल इंडिया न्यूज़, द्वारका मोड़, नई दिल्ली
संत गणीनाथ फाउंडेशन ट्रस्ट (दिल्ली प्रदेश) के तत्वावधान में बाबा गणीनाथ जी महाराज का 1078वां पावन जन्मोत्सव आगामी 26 सितंबर 2026, शनिवार को संस्कृति वाटिका, शिव विहार वेस्ट, विकास नगर, नई दिल्ली-110059 में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर दिल्ली एवं दिल्ली-NCR के मध्यदेशीय समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जन्मोत्सव समारोह में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल नाला रोड के निकट, चर्च के पीछे स्थित संस्कृति वाटिका में दिल्ली-NCR के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों एवं स्वजातीय बंधुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे बाबा गणीनाथ जी महाराज की पूजा, हवन, खोईचा भराई एवं सिंदूरी पूजा से होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन, 10:30 बजे अभ्युदय गान तथा 11 बजे अतिथियों का मंचासीन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। समारोह में समाज के विशिष्ट अतिथियों द्वारा सामाजिक एकता, संस्कृति एवं समाज के विकास से जुड़े विषयों पर विचार भी व्यक्त किए जाएंगे।
जन्मोत्सव से एक दिन पूर्व 25 सितंबर 2026 को भी विशेष धार्मिक आयोजन होगा। शाम 7 बजे प्लेवेधा धाम से लाई गई मिट्टी से बाबा गणीनाथ जी महाराज की पिंडी रूप में स्थापना की जाएगी। इसके पश्चात नेवतन चौधरी द्वारा देवता का पूजन कराया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भी शामिल होंगे। इसके बाद भात वानी एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है।
संत गणीनाथ फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक संरक्षक कन्हैया प्रसाद गुप्ता, अध्यक्ष सत्य प्रकाश गुप्ता, उपाध्यक्ष चंद्रिका साह, सुभाष चंद्र गुप्ता, किशन प्रसाद गुप्ता, विजयकांत गुप्ता एवं विद्येश्वरी साह, महामंत्री राजीव कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष दिनेश साह तथा सचिव संजय कुमार सहित पूजा समिति के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
कार्यकारिणी सदस्यों में परमेश्वर प्रसाद, राजू प्रसाद, उमाशंकर मद्देशिया, पुष्पेंद्र गुप्ता, देवेंद्र प्रसाद गुप्ता, विनोद कुमार, विवेक कुमार, अमर प्रसाद गुप्ता, बिट्टू कुमार गुप्ता, सुदामा प्रसाद गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता एवं सुनील कुमार साह सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। वहीं सुशील कुमार, बिंदल लाल गुप्ता, प्रदीप कुमार प्रसाद एवं अजय कुमार साह आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
संस्थापक संरक्षक कन्हैया प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बाबा गणीनाथ जी महाराज का जन्मोत्सव समाज के लिए आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने दिल्ली एवं दिल्ली-NCR के सभी मध्यदेशीय समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ट्रस्ट एवं पूजा समिति के पदाधिकारी लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो सके।
वहीं, समाज को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से 27 सितंबर 2026, रविवार को स्वजातीय बंधुओं की विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी। संस्थापक संरक्षक कन्हैया प्रसाद गुप्ता ने समाज के लोगों से इस बैठक में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता एवं संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।
ट्रस्ट एवं पूजा समिति ने दिल्ली एवं दिल्ली-NCR के समस्त मध्यदेशीय समाज के बंधुओं एवं माताओं-बहनों से बाबा गणीनाथ जी महाराज के 1078वें जन्मोत्सव में सपरिवार शामिल होने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया है।
,🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺🌺


0 टिप्पणियाँ