BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

अचलपुर उप जिला अस्पताल को अचलपुर में ही जारी रखने की मांग; सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन, फिरोज खान और गजानन फिसके की मांग को मिली सफलता

 अचलपुर उप जिला अस्पताल को अचलपुर में ही जारी रखने की मांग; सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन, फिरोज खान और गजानन फिसके की मांग को मिली सफलता

आइडियल इंडिया न्यूज़ 

सैयद  गनी, अचलपूर 

अमरावती महाराष्ट्र,| 13 जुलाई 2026

             

अचलपुर शहर में संचालित उप जिला अस्पताल की ओपीडी, आपातकालीन तथा ऑर्थोपेडिक सेवाओं को पूर्ववत जारी रखने तथा परतवाड़ा में निर्माणाधीन नए उप जिला अस्पताल भवन का निर्माण पूर्ण होने और उसके विधिवत उद्घाटन तक अचलपुर स्थित अस्पताल को बंद नहीं किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को जिला सामान्य अस्पताल, अमरावती के सिविल सर्जन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।

             


यह ज्ञापन नगरसेवक एवं राज्य मराठी पत्रकार परिषद, अमरावती जिलाध्यक्ष फिरोज खान सुलतान खान तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अचलपुर शहराध्यक्ष गजानन फिसके के नेतृत्व में सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि अचलपुर उप जिला अस्पताल वर्तमान में अचलपुर शहर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाते हैं, जबकि आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह अस्पताल नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अलावा ऑर्थोपेडिक विभाग की सेवाओं का भी बड़ी संख्या में मरीज लाभ ले रहे हैं।

                    


ज्ञापन में कहा गया कि परतवाड़ा में नए उप जिला अस्पताल भवन का निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है और अभी तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना, पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति तथा अस्पताल के औपचारिक उद्घाटन की प्रक्रिया भी शेष है। ऐसी स्थिति में अचलपुर स्थित अस्पताल को बंद करना नागरिकों के हित में नहीं होगा।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि परतवाड़ा में नए अस्पताल के संचालन का किसी भी स्तर पर विरोध नहीं है, लेकिन वर्तमान में वहां अस्पताल अस्थायी टीनशेड में संचालित किया जा रहा है। विशेषकर वर्षा ऋतु के दौरान मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सा कर्मचारियों को अनेक प्रकार की कठिनाइयों और असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है।

इसी कारण मांग की गई कि परतवाड़ा स्थित नए अस्पताल भवन का निर्माण पूर्ण होने और वहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने तक अचलपुर उप जिला अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी तथा ऑर्थोपेडिक सेवाओं को पूर्ववत जारी रखा जाए। साथ ही नए अस्पताल का निर्माण पूरा होकर उसके विधिवत उद्घाटन के बाद ही अचलपुर अस्पताल को बंद करने संबंधी कोई निर्णय लिया जाए।

ज्ञापन में अचलपुर शहर के नागरिकों, मरीजों, पत्रकार बंधुओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भावनाओं और मांगों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया गया।

इस अवसर पर दीक्षित महाराज, नरेश तायवाड़े, गोवर्धन मेहरे, मनोहर कोतकर तथा सागर वाटाणे उपस्थित थे।

ज्ञापन की प्रतिलिपि उप जिला अस्पताल अधीक्षक, अचलपुर तथा डी.डी. कार्यालय, अकोला को भी भेजी गई है।

इस दौरान अचलपुर उप जिला अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. जाकिर ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए ज्ञापन स्वीकार किया तथा आश्वासन दिया कि अचलपुर स्थित अस्पताल की सेवाएं जारी रखने के संबंध में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे और नागरिकों की भावनाओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

डॉ. जाकिर द्वारा दिए गए इस आश्वासन के बाद नगरसेवक फिरोज खान सुलतान खान और शिवसेना शहराध्यक्ष गजानन फिसके की मांग को महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अचलपुर शहर के नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अस्पताल की सेवाएं शहर में ही जारी रखने की मांग दोहराई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ