प्रयागराज: 1.45 करोड़ की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, महिला सरगना 'बिल्ली' को ढूंढ रही पुलिस
आइडियल इंडिया न्यूज़
सत्येन्द्र तिवारी लाल भाई, प्रयागराज
प्रयागराज: जनपद की नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना धूमनगंज की संयुक्त पुलिस टीम ने तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने इन अभियुक्तों के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.45 करोड़ रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की है. इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की मास्टरमाइंड एक महिला है, जिसकी तलाश की जा रही है.जांच में यह दिलचस्प तथ्य सामने आया कि गिरोह के सदस्य अपनी इस महिला सरगना को 'बिल्ली' कोड नाम से पुकारा करते थे, ताकि पुलिस या किसी बाहरी व्यक्ति को भनक न लग सके.
नेहरू पार्क के खंडहर से हुई गिरफ्तारी:
डीसीपी कुलदीप गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दीपक कुमार, आशीष कुमार और विवेक कुमार के रूप में हुई है. मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धूमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू पार्क स्थित एक खंडहर के अंदर छापेमारी कर इन तीनों को दबोचा. तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 6 पैकेट सफेद पाउडर बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 727 ग्राम पाया गया है. बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1.45 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो इस क्षेत्र की बड़ी बरामदगी मानी जा रही है.
अभियुक्तों के पास से नशीले पदार्थों के अलावा 4 मोबाइल फोन, 4940 रुपये नकद और एक अवैध 315 बोर का तमंचा समेत दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पुलिस उपायुक्त गंगानगर के अनुसार, छापेमारी के दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम को देखते ही भागने की कोशिश की थी, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें सफलतापूर्वक पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और जांच में उनके खिलाफ पूर्व में दर्ज कई आपराधिक मामलों की जानकारी भी मिली है. पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सूत्रों और ठिकानों का पता लगाने के लिए गहनता से पूछताछ कर रही है. संयुक्त टीम को 25 हजार का पुरस्कार: इस सफलता को देखते हुए गिरफ्तार करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है. पुलिस की मुख्य प्राथमिकता अब उस रहस्यमयी महिला सरगना 'बिल्ली' को गिरफ्तार करना है, जो पर्दे के पीछे से इस काले कारोबार को संचालित कर रही थी. अधिकारियों का दावा है कि महिला की गिरफ्तारी के बाद प्रयागराज और आसपास के जिलों में फैले इस बड़े ड्रग रैकेट का पूरी तरह से सफाया हो सकेगा. फिलहाल सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ