आई पी माल के पास खुलेआम अश्लील हरकतें कर रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस की तत्परता से बिगड़ने से बचा माहौल
आइडियल इंडिया न्यूज़
जयचंद, वाराणसी
वाराणसी।आई पी माल के पास खुलेआम सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के सामने अश्लील हरकतें और अश्लील गाने गाकर माहौल खराब करने वाले एक युवक को विद्यापीठ चौकी इंचार्ज पार्थ तिवारी ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित विवाद और अव्यवस्था को समय रहते रोक लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 की रात लगभग 11:05 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सिगरा थाना क्षेत्र के आईपी मॉल के पास एक युवक आने-जाने वाली महिलाओं के सामने अश्लील इशारे कर रहा है और अश्लील गाने गा रहा है, जिससे वहां से गुजर रही महिलाएं असहज महसूस कर रही थीं। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम अहमद पुत्र इशरात अहमद निवासी काशीराम आवास इंद्रपुर, थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी बताया। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 24 वर्ष है। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसकी हरकतों की पुष्टि की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की हरकतें सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और लड़कियों को देखकर अश्लील इशारे करने और अश्लील गाने गाने से संबंधित हैं, जिससे लोगों में आक्रोश और असहजता पैदा हो रही थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली और लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ