होली के रंग मे सरोबार क्या शहर और क्या गाँव
आइडियल इंडिया न्यूज़
लवकुश पाण्डेय कुशीनगर
कुशीनगर होली के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पडरौना द्वारा भगवान श्री नरसिंह जी की भव्य एवं आकर्षक शोभा यात्रा नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस अवसर पर नगर के सम्मानित हिन्दू जनमानस, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर शोभा यात्रा को सफल बनाया।
शोभा यात्रा का शुभारंभ जूनियर हाई स्कूल प्रांगण से हुआ, जहां विधि-विधान के साथ भगवान श्री नरसिंह जी की पूजा-अर्चना कर यात्रा को प्रारंभ किया गया। इसके पश्चात यह शोभा यात्रा कसेरा टोली,शिवाला चौक,लोहिया हाता, जटहा मोड़,छूछिया गेट, तिलक चौक, सेंट्रल बैंक रोड, नौका टोला रोड होते हुए सुभाष चौक होकर पुनः जूनियर हाईस्कूल प्रांगण में पहुंचकर सम्पन्न हुई।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री नरसिंह जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अभय (जिला प्रचारक) पंकज (जिला कार्यवाह) नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल प्रेम चन्द (नगर संघचालक) दीनानाथ (नगर कार्यवाह) रामाश्रय गौतम (सह नगर कार्यवाह) प्रदीप चाहाड़िया अमरदीप बरनवाल अजय सिंह डॉ धनंजय सुनील गुप्ता संतोष कुमार सहित सैकड़ो की संख्या में नगरवासी सम्मिलित हुए बुधवार को होली महापर्व के अवसर पर दुदही विकास खंड के अंतर्गत विभिन्न गांवों तथा कस्बे में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। कहीं चैती फाग चौताल गा कर झांझ मंजीरा के साथ मनोहर भजन कीर्तन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया तो कहीं से एक दूसरे को रंग अबीर गुलाल लगा कर होली महापर्व की बधाईयां दी गई। मंदिरों में भी ईश्वर के नाना विग्रह प्रतिमाओं पर भी अबीर गुलाल लगा कर एवं विविध सात्विक आहार को अर्पित कर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र और देश में अमन शांति की दुआएं मांगी। वहीं प्रशासन भी पुरी तरह चौकसी बरती। चारों ओर चप्पे चप्पे पर पुलिस प्रशासन का कड़ा पहरा रहा। क्षेत्र में सभी जगह प्रेम भाईचारा आपसी सौहार्द पूर्ण होली का त्योहार मनाया गया। सभी धर्मों के लोगों ने एक दूसरे के सम्मान का भी खूब ख्याल रखा। दुदही कस्बे में माहे रमज़ान में भी मुस्लिम नवयुवकों ने हिंदू धर्म के युवाओं पर रंग डाल कर अबीर गुलाल एक दूसरे को लगाया तथा होली का मुबारकबाद दिया। विशुनपुरा पुलिस भी थाना परिसर में एक दूसरे को रंग अबीर गुलाल लगाया तो ब्लॉक परिसर एवं नगर पंचायत कार्यालय परिसर में अधिशासी अधिकारी कर्मचारी एवं दूसरे अधिकारीयों ने अबीर गुलाल लगा कर आशीर्वाद लिया और शुभकामनाएं दी।
हमारे जटहा बाजार संवाददाताग के अनुसार रंगों के पर्व होली पर विकास खण्ड विशुनपुरा का मीटिंग हाल मंगलवार को उल्लास, उमंग और पारम्परिक फाग गीतों की स्वर लहरियों से सराबोर हो उठा। ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित होली मिलन समारोह में क्षेत्र के कार्यकर्त्ताओं, प्रधानगण, बीडीसी सदस्यों तथा पत्रकारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनायें दीं और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह की शुरुआत पारम्परिक होली के गीतों से हुयी। ढोलक और झाल की थाप पर भाजपा नेता व निजी विद्यालय दान्दोपुर के प्रवन्धक धनञ्जय तिवारी, होशिला पाण्डेय और गोवर्धन कुशवाहा व लोक गीत गायक सुबाष सुहाना ने चौताल व रंगफाग और अन्य लोकगीत प्रस्तुत कर ऐसा समां बाँधा कि पूरा हाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। उपस्थित जनों ने भी गीतों की तान पर सुर मिलाते हुए फाग की मस्ती का भरपूर आनन्द लिया। होली मिलन समारोह के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि होली का त्योहार केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाई-चारे और समरसता का प्रतीक है।
विधायक मनीष जायसवाल ने कहा होली के पारम्परिक पुराने गीतों में जो साहित्यिक श्रींगार है वह होली की मर्यादा और सभ्यता को दर्शाती है और अब भी जीवंत है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, नरेन्द्र तिवारी, धनञ्जय तिवारी , सिद्धार्थ कुशवाहा, दुर्गेश मिश्र , महेश रौनियार, सुदर्शन पाल, कपिलदेव श्रीवास्तव, विवेक पाण्डेय सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्त्ता, बीड़ीसी सदस्य, प्रधानगण , क्षेत्रीय लोग सम्मिलित रहे।

0 टिप्पणियाँ