वाराणसी पब्लिक स्कूल में भव्य प्रदर्शनी एवं स्काउट-गाइड शिविर का सफल आयोजन आइडिया इंडिया न्यूज़ , धीरज पांडे मिर्जामुराद वाराणसी
राजातालाब - वाराणसी पब्लिक स्कूल, बंगालीपुर, राजातालाब के प्रांगण में गुरुवार को एक भव्य प्रदर्शनी एवं स्काउट-गाइड शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के उपप्रबंधक शशिकांत गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष रामानंद जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, कला, हिन्दी, कम्प्यूटर एवं सामाजिक विज्ञान जैसे विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल एवं चार्ट प्रस्तुत किए। छात्रों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और विषय ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अभिभावकों एवं आगंतुकों को प्रभावित किया। प्रदर्शनी में बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण कौशल की भी विशेष झलक देखने को मिली। इसी क्रम में आयोजित स्काउट-गाइड शिविर में विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और टीमवर्क का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर के दौरान टेंट लगाना, विभिन्न प्रकार की गांठें बांधना, ध्वज शिष्टाचार का पालन करना आदि गतिविधियों का अभ्यास कराया गया, जिससे विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सहयोग की भावना विकसित हुई। विद्यालय के समन्वयक अभिषेक कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नमस्कार। मैं डा. प्रमोद वाचस्पति, एक न्यूज़ संपादक के रूप में पत्रकारिता के मूल्यों—सत्य, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व—को केंद्र में रखकर कार्यरत हूँ। समाचारों के चयन, संपादन और प्रस्तुति में तथ्यपरकता, संतुलन और विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देना मेरा उद्देश्य रहा है। मेरा प्रयास है कि पाठकों और दर्शकों तक हर खबर अपने वास्तविक संदर्भ और सामाजिक महत्व के साथ पहुँचे, ताकि वे सूचित, जागरूक और सक्षम नागरिक बन सकें। हम आइडियल इंडिया, हिंदी दैनिक व साप्ताहिक समाचार पत्र, तथा आइडियल इंडिया न्यूज़, न्यूज़ पोर्टल व न्यूज़ चैनल के माध्यम से विगत दो दशकों से अधिक समय से जनसेवा व समाज सेवा अनवरत रूप से करते आ रहे हैं। इसी क्रम में आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन (भारत सरकार द्वारा पंजीकृत ) की स्थापना सन् 2000 में कर के सम्पूर्ण भारत वर्ष के पत्रकारों के हित में कार्य करते रहते हैं। आप सभी शुभेच्छु जनों का आशीर्वाद ही मेरा संबल है।
0 टिप्पणियाँ