मिर्जामुराद में लाखों की चोरी, वैवाहिक कार्यक्रम में गया परिवार बना निशाना
आइडियल इंडिया न्यूज़, धीरज पांडे मिर्जामुराद वाराणसी
मिर्जामुराद। थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक सुनियोजित चोरी की वारदात को अंजाम देकर गांव में दहशत फैला दी। चोरों ने उस समय घर को निशाना बनाया, जब पूरे परिवार के सदस्य एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। चोरी का शिकार बना यह मकान गांव के मध्य स्थित स्थानीय निवासी हीरालाल यादव का है, जहां इन दिनों निर्माण कार्य भी चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरों में रखी अटैची, पेटी, बैग व अन्य सामान समेट ले गए। चोर इन सभी सामानों को घर से कुछ दूरी पर ले गए और वहीं बैग व अटैची खोलकर उसमें रखे कीमती आभूषण और नगदी निकालकर फरार हो गए।परिजनों के मुताबिक, चोर सोने के झुमके, सोने की अंगूठी और करीब 25 हजार रुपये नगद लेकर गए हैं। चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी जा रही है।देर रात जब परिवार की महिलाएं वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौटीं तो थकान के कारण सभी सो गईं। सुबह उठने पर घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अटैची व बैग गायब थे। तलाश करने पर घर से करीब एक किलोमीटर दूर खाली अटैची और बैग पड़े मिले, जिनमें से जेवर और नगदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजनों ने तत्काल मिर्जामुराद थाने को सूचना दी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ