मेरी आवाज़ सुनो मंच द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न
आइडियल इंडिया न्यूज़
ब्यूरो डेस्क
डॉ. मंजू शकुन खरे
दतिया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दतिया के वृंदावन धाम में ‘मेरी आवाज़ सुनो’ मंच के तत्वावधान में एक भव्य एवं रंगारंग देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशप्रेम, त्याग और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधीश दतिया श्री स्वप्निल वानखेड़े रहे। विशेष अतिथियों के रूप में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी राजेश शुक्ला, अखिलेश राजपूत, प्रशांत मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री डॉ. श्रीमती मंजू शकुन खरे द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके उपरांत वीरेन्द्र चतुर्वेदी, सत्यम सक्सेना, प्रशांत श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, अजय पंजवानी, अजय मिश्रा, नीरज श्रीवास्तव, मुकेश श्रीवास्तव, राघवेन्द्र श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव सहित अनेक नवोदित बाल प्रतिभाओं ने ओजस्वी काव्य पाठ और संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में श्री दिनेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा पियानो पर प्रस्तुत देशभक्ति गीत ‘संदेशे आते हैं’ की संगीतमय प्रस्तुति रही, जिसने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया। सभी प्रस्तुतियों ने राष्ट्रभक्ति की सच्ची भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि श्री स्वप्निल वानखेड़े ने कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन राष्ट्रीय चेतना को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर कवयित्री डॉ. श्रीमती मंजू शकुन खरे ने अपनी स्वरचित पुस्तक “विहँसती है चंद्रिका” माननीय जिलाधीश महोदय को भेंट की।
कार्यक्रम का सफल एवं सुसंस्कृत संचालन संजय श्रीवास्तव द्वारा किया गया। अंत में वीरेन्द्र चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों, कलाकारों, आयोजन समिति एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
‘मेरी आवाज़ सुनो’ मंच द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने का एक सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ।

0 टिप्पणियाँ