BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

अंबिका सेवा संस्थान ने छह बेटियों का कराया सामूहिक विवाह, गृहस्थी का सामान देकर दी विदाई

 अंबिका सेवा संस्थान ने छह बेटियों का कराया सामूहिक विवाह, गृहस्थी का सामान देकर दी विदाई

आइडियल इंडिया न्यूज़ 

संजय पांडे सरस प्रमुख समाचार संपादक

                         


बिंद्रा बाजार आजमगढ़ ।  रामलीला मैदान में सात फेरों के साथ छह जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, रथ पर सवार होकर निकली नवविवाहित जोड़ों की स्वागत यात्रा

                   


गंभीरपुर/आजमगढ़। सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए अंबिका सेवा संस्थान की ओर से शनिवार को बिंद्रा बाजार स्थित रामलीला मैदान में छह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह एवं कन्यादान समारोह धूमधाम से संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ सात फेरों की रस्म पूरी कर छह जोड़ों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

संस्थान की ओर से आयोजित इस पुनीत कार्यक्रम में छह कन्याओं का कन्यादान कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया गया। विवाह के अवसर पर संस्था की तरफ से सभी नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। इसमें बर्तन, कपड़े, आभूषण, बिस्तर सहित दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली जरूरी सामग्री शामिल रही। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्हें नए जीवन की शुरुआत में आर्थिक सहयोग देना रहा।

सामूहिक विवाह समारोह में अर्चना एवं अनुराग, अलका कुमारी एवं जय हिंद कुमार, पूजा एवं रवि, साधना एवं अंकित, पूजा एवं कुंवर तथा साधना एवं सुरेश ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। सभी जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

विवाह संपन्न होने के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को आकर्षक रथ पर बैठाकर पूरे बिंद्रा बाजार में भ्रमण कराया गया। बाजार के लोगों ने जगह-जगह नवदंपतियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा सहित अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सत्यम गुरु, कमलेश तिवारी, अंसार खान, जगदंबा उपाध्याय, अली शेख, डॉ. एमके बरनवाल, अरुण पाठक,

सर्वोदय के प्रबंधक राजेंद्र यादव डॉक्टर इमरान संदीप सेठ साहित्यकार संजय पांडेय सरस वेद पांडेय समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

दो माह की मेहनत से सफल हुआ आयोजन

इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए अंबिका सेवा संस्थान की पूरी टीम पिछले दो महीने से लगातार मेहनत कर रही थी। विवाह की तैयारियों से लेकर अतिथियों के स्वागत, व्यवस्थाओं और बेटियों की विदाई तक कमेटी के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसमें मुख्य रूप से अजय श्रीवास्तव, रवि चौहान, पवन स्थान, लकी श्रीवास्तव, अतीस सेठ, मुकेश ठठेरा, देवेश उपाध्याय, संतोष मद्धेशिया एवं प्रमोद सेठ सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

संस्थान की ओर से कहा गया कि बेटियों का विवाह केवल एक परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी होनी चाहिए। इसी सोच के साथ संस्था लगातार जरूरतमंदों की मदद के लिए कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के अध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, दानदाताओं, कमेटी के सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और मेहनत से छह बेटियों का विवाह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की सहायता करता रहेगा।

अंबिका सेवा संस्थान की यह पहल न केवल छह परिवारों के जीवन में खुशियां लेकर आई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गई कि आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद बेटियों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियों के रंग भरे जा सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ