विद्युत करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
आइडियल इंडिया न्यूज़
केदारनाथ सिंह, समाचार सम्पादक जौनपुर
(जौनपुर)। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कथित अवैध विद्युत करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, परियावा गांव निवासी साहबलाल गौतम पुत्र फेरई राम गौतम सुबह शौच के लिए पोखरे की ओर गए थे। रास्ते में गांव के ही जितेंद्र यादव ने अपने बाजरे के खेत को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोहे के तार में बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। बताया जा रहा है कि करंट प्रवाहित तार टूटकर खेत से सटे बगीचे तक पहुंच गया था। इसी दौरान साहबलाल उस तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौ*त हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से मना कर दिया।
काफी देर तक चले विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी जितेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है

0 टिप्पणियाँ