BREAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IDEAL INDIA , IJA

IDEAL INDIA , IJA

मछरेहटा में दर्दनाक हादसा: ट्रक में बिजली के तार उलझने से 4 खंभे गिरे, किशोरी की मौत, मां गंभीर घायल

 मछरेहटा में दर्दनाक हादसा: ट्रक में बिजली के तार उलझने से 4 खंभे गिरे, किशोरी की मौत, मां गंभीर घायल

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया

आइडियल इंडिया न्यूज ,बिन्दू मौर्या , सीतापुर 

           


      


मछरेहटा सीतापुर गुरुवार शाम कस्बा मछरेहटा में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कस्बे में स्थित प्रधान किराना स्टोर के निकट सड़क से गुजर रहे एक ट्रक के नीचे लटक रहे बिजली के तारों में उलझ जाने से अचानक बड़ा हादसा हो गया। तारों पर तेज खिंचाव पड़ने के कारण सड़क किनारे लगे करीब चार बिजली के खंभे भरभराकर नीचे गिर गए। हादसे की चपेट में आने से नई बस्ती निवासी लगभग 16 वर्षीय सूबी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां सरोजनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

                 

 घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घटनास्थल पर बिजली के तार काफी समय से निर्धारित ऊंचाई से नीचे लटक रहे थे और बिजली के खंभों की स्थिति भी जर्जर बनी हुई थी। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं पूरे मामले में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बिजली विभाग की संभावित लापरवाही को लेकर भी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ