खबर का असर:कोईराजपुर में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर अवैध कब्जा ध्वस्त
अतिक्रमण कारियो में मचा हड़कम्प
आइडियल इंडिया न्यूज़, जयचन्द वाराणसी
वाराणसी/-पिंडरा तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर कब्जा जमाने की कोशिश करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर गांव में रिंग रोड फेज-2 के पास स्थित बेशकीमती बंजर भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को शुक्रवार को ध्वस्त कर दिया गया।भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजस्व विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल गिरा दी।पूरा मामला गाटा संख्या 645 (क) की सरकारी बंजर भूमि से जुड़ा है।आरोप है कि भू-माफियाओं ने रात के अंधेरे में अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकते हुए जमीन की घेराबंदी कर दी। सुबह ग्रामीणों ने जब नई दीवार देखी तो मामले की शिकायत तत्काल एसडीएम से की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए।शिकायत के बाद गुरुवार को कानूनगो और लेखपाल मौके पर पहुंचे।निरीक्षण के दौरान हाल ही में निर्मित बाउंड्री वॉल मिली,लेकिन निर्माण कराने वाला कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया।इससे अवैध कब्जे की आशंका और गहरा गई।शुक्रवार को पूर्व निर्धारित समय पर राजस्व टीम कानूनगो भोला प्रसाद,लेखपाल आशीष कुमार और सीपी यादव के साथ बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने काफी देर तक इंतजार किया कि कोई पक्ष अपने कागजात प्रस्तुत करे लेकिन कार्रवाई के डर से कोई भी कथित कब्जेदार सामने नहीं आया।इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध निर्माण को मलबे में तब्दील कर दिया।कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे।अवैध निर्माण गिराए जाने के बाद गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कब्जे के पीछे पास के एक आश्रम और एक नेता का हाथ हो सकता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता है तो उनके खिलाफ अब तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया। कुछ लोगों ने निचले स्तर के कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत की आशंका भी जताई है।राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने दोहराया है कि बंजर और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ