डीएम के निरीक्षण के दौरान उजागर हुई स्वास्थ्य व्यवस्था की खामी,
स्ट्रेचर न मिलने से तीमारदार ने मरीज को गोद में उठाया
आइडियल इंडिया न्यूज बिन्दू मौर्या सीतापुर
गोंदलामऊ सीतापुर । शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोंदलामऊ में उस समय स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर कमी सामने आ गई, जब जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर. आकस्मिक निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए।
बताया गया कि सीएचसी में मरीज को ले जाने के लिए स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते तीमारदार को मरीज को गोद में उठाकर एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाना पड़ा। यह दृश्य उस समय सामने आया जब स्वयं जिलाधिकारी अस्पताल परिसर में मौजूद थे।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है। सवाल यह उठता है कि जब जिले के मुखिया के निरीक्षण के दौरान यह स्थिति है, तो सामान्य दिनों में मरीजों और उनके परिजनों को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता होगा।
स्थानीय लोगों और तीमारदारों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है। अब देखना यह है कि इस खुलासे के बाद संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या ठोस कार्रवाई की जाती है और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

0 टिप्पणियाँ