जंसा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 536 ग्राम अवैध गांजा के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
आइडियल इंडिया न्यूज़ धीरज पांडे मिर्जामुराद वाराणसी
वाराणसी। कमिश्नरेट के अंतर्गत जंसा थाना पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 536 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को प्रभारी निरीक्षक जंसा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पवन यादव, चौकी प्रभारी कस्बा, उपनिरीक्षक आदित्य सेन एवं पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हरदासपुर रिंग रोड के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बच्चन मौर्या पुत्र रुपई मौर्या, निवासी कुरौता गोपालपुर, थाना लोहता, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 42 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक झोले में रखी पुड़ियों में कुल 536 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
इस संबंध में थाना जंसा पर मु0अ0सं0 29/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गांजा की पुड़िया बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घूम-घूमकर बिक्री करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि 15 फरवरी 2026 को ग्राम हरसोस में एक गुमटी के पास खड़े होकर गांजा बेच रहा था।
गौरतलब है कि 15.02.2026 को सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर “जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस में खुलेआम गांजा बिक्री” का एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आकाश पटेल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी ने संबंधित चौकी क्षेत्र में अवैध बिक्री की जिम्मेदारी तय करते हुए चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन यादव के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

0 टिप्पणियाँ