अन्ना की दहाड़ से झुका बिजली विभाग: खड़ी फसल में तार खिंचाई पर लगी रोक, मुआवजे का मिला आश्वासन
एसडीएम और ट्रान्समिशन एसडीओ सचिन्द्र जायसवाल भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर माना अन्ना का पक्ष;
किसानों को जल्द मिलेगा फसल बर्बादी का मुआवजा
आइडियल इंडिया न्यूज़
कृष्ण कुमार बिन्द जौनपुर
गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। गौराबादशाहपुर के दशरथा-बघन्द्रा गांव में बिजली विभाग की तानाशाही के खिलाफ समाजसेवी जज सिंह अन्ना का 'सत्याग्रह' रंग लाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चल रहे कड़े विरोध और अन्ना के अड़ियल रवैये के आगे आखिरकार बिजली विभाग के अधिकारियों को घुटने टेकने पड़े। एसडीओ (आजमगढ़) ने मौके पर पहुँचकर यह घोषणा की कि किसानों की फसल को देखते हुए हाई वोल्टेज तार खींचने का काम तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
फसल कटने तक काम पर विराम-
धरने पर बैठे अन्ना और क्षेत्रीय किसानों की मांग थी कि जब तक फसल कट नहीं जाती, तब तक खेतों में तारों की खिंचाई न की जाए, क्योंकि इससे अन्नदाता की साल भर की मेहनत चौपट हो रही थी। गरीब किसानों और अधिया (बटाई) पर खेती करने वाले परिवारों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया था। अन्ना की तार्किक जिद के आगे अधिकारियों ने स्वीकार किया कि फसल कटने के बाद ही काम आगे बढ़ाया जाएगा
मुआवजे के लिए भरी हुंकार, कोर्ट जाने की चेतावनी-
अन्ना ने केवल काम रुकवाने पर ही संतोष नहीं किया, बल्कि पिछले 11 किलोमीटर की खिंचाई में जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनके लिए उचित मुआवजे की मांग उठाई। उन्होंने एसडीओ को कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि किसानों को एक-एक पैसे का मुआवजा नहीं मिला, तो न केवल आगे का काम रोका जाएगा, बल्कि अधिकारियों के खिलाफ हाईकोर्ट में मुकदमा भी दायर किया जाएगा।
शक्ति भवन (लखनऊ) से होगा भुगतान-
अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीओ ने बताया कि सभी प्रभावित काश्तकारों से फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। जैसे ही डेटा एकत्र होगा, शक्ति भवन लखनऊ के माध्यम से एक से दो माह के भीतर किसानों के खातों में भुगतान कर दिया जाएगा।
अभी लड़ाई जारी है-
मुआवजे के आश्वासन और काम रुकने के आधार पर अन्ना ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस संबंध में जल्द ही जिलाधिकारी जौनपुर को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपेंगे ताकि शासन स्तर पर मुआवजे की प्रक्रिया में कोई ढिलाई न हो। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्नदाता मौजूद रहे, जिन्होंने इस जीत पर हर्ष व्यक्त किया।धरने में शामिल मानिंद राजपति यादव, श्रीपत , बबलू , रामचंद्र , विकाश यादव, विशाल , लालू ,विजेंद्र राधे , सत्यम यादव सत्या, राज , बाबू, मोदी, लल्लन, रिंटु , कल्लू, पप्पू, लालसाहब, प्रिंस,रामकेश कुरेथू ,सत्यम कुरेथु, विजय , विकास ,अमन , ग्राम प्रधान नीरज यादव,राजेंद्र यादव पूर्व प्रधान सुभाष कुमार ,रामकुमार ,फूलचंद , विजय बहादुर, आदि उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ