वरिष्ठ कलमकार मंगलेश्वर त्रिपाठी के असामयिक निधन से जनपद के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
केदारनाथ सिंह
प्रमुख समाचार सम्पादक यूपी आइडियल इंडिया न्यूज़
जौनपुर। पत्रकारिता जगत के एक अनुभवी और वरिष्ठ कलमकार मंगलेश्वर त्रिपाठी के असामयिक निधन से जनपद के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय विकास खंड के अढ़नपुर निवासी मंगलेश्वर त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ ही एक दैनिक समाचार पत्र के संपादक भी थे। उनके निधन की खबर ने क्षेत्र के लोगों, पत्रकारों और शुभचिंतकों को गहरे सदमे में डाल दिया। उनके जाने से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व खो दिया।
परिजनों के अनुसार, मंगलेश्वर त्रिपाठी दीपोत्सव के मद्देनजर खरीदारी करने के बाद घर लौटे थे। इसके बाद वह आराम कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन बिना देर किए उन्हें शाहगंज स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों के अनुसार, हृदयाघात के कारण उनका निधन हुआ।
मंगलेश्वर त्रिपाठी का पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव रहा। वरिष्ठ पत्रकार और समाचार पत्र के संपादक के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका असमय चले जाना उन सभी लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है, जिन्होंने उनके साथ काम किया और उनसे पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं।
उनके निधन की सूचना मिलते ही अढ़नपुर स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्रीय लोगों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
रविवार को गोमती नदी के तट स्थित अमिलिया घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र ओंकार त्रिपाठी ने दी। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, पत्रकार और शुभचिंतक मौजूद रहे। हर आंख नम थी और हर कोई इस मिलनसार एवं अनुभवी पत्रकार को भावभीनी विदाई दे रहा था

0 टिप्पणियाँ