झुग्गी-झोपड़ियों में गरीबों, असहायों तथा वृद्धा आश्रम में बांटी साड़ियां व मिठाइयां
मिशन समाज सेवा का उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में भी रोशनी और खुशियां लाना है : ज्योति प्रकाश
आइडियल इंडिया न्यूज़, धीरज पाण्डेय मिर्जामुराद वाराणसी
सामाजिक संस्था 'मिशन समाज सेवा' ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली का पर्व समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के साथ अत्यंत उत्साह व आत्मीयता के साथ मनाया। संस्था के सदस्यों ने वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों की झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर जीवनयापन कर रहे गरीबों, लाचारों, बुजुर्गों, माताओं और बहनों के बीच दीपावली की खुशियां साझा किया साथ ही आशापुर स्थित वृद्धा आश्रम में वहां के बुजुर्ग पिता तुल्य लोगों को मिठाइयां बाँटी गई तथा माताओं, बहनों को साड़ियां भेंट की गई।
संस्था के राष्ट्रीय सलाहकार ज्योति प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिठाइयां खिलाई गईं और पटाखे वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। इसके साथ ही, आने वाले ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए वृद्धजनों और जरूरतमंदों को कंबल व अन्य आवश्यक सामग्रियां भेंट की गईं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के राष्ट्रीय सलाहकार ज्योति प्रकाश ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि दीपावली का असली आनंद समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में उजाला फैलाने से ही प्राप्त होता है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में भी रोशनी और खुशियां लाना है। उन्होंने बताया यह संस्था समय-समय पर जरूरतमंदों एवं असहायों के लिए अनेक सामाजिक कार्यों में निरंतर प्रतिभाग करती रहती है।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार ज्योति प्रकाश के साथ अध्यक्ष डंपी तिवारी, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, टार्जन बाहुबली, दिलीप विश्वकर्मा, अनंत शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ