Dinesh Kumar Gupta
बदलापुर जौनपुर
कस्बे में शाहगंज रोड पर मंगलवार की सुबह कोचिग जा रहे साइकिल सवार 11 वीं के छात्र की तेज रफ्तार बोलेरो के धक्के से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर बोलेरो व चालक की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के जिरिकपुर गांव निवासी प्रदीप दुबे का इकलौता पुत्र अविनाश दुबे (17) साथियों संग साइकिल से सुबह करीब साढ़े छह बजे बदलापुर कस्बे में कोचिग पढ़ने जा रहा था। जैसे ही गढ़वाघाट आश्रम गेट के पास पहुंचा कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो धक्का मारती हुई आगे निकल गई। हादसे में अविनाश बुरी तरह से घायल हो गया। साथियों व प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। खबर लगते ही मृत छात्र के घर कोहराम मच गया। रोते-बिलखते स्वजन सीएचसी पहुंच गए। एसडीएम केके मिश्र, सीओ अशोक कुमार व थाना प्रभारी निरीक्षक पवन उपाध्याय भी आ गए। मृतक के स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पूछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना बोलेरो के तेजगति से ओवरटेक करने के चक्कर में हुई। पुलिस बोलेरो व चालक को चिह्नित करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक ने ओवरटेक करने के चक्कर में घटना को अंजाम दिया है। इकलौते बेटे की मौत से प्रदीप दुबे गुमसुम से हो गए हैं। मां मनीषा व बहन गरिमा रोते-रोते बेसुध सी हो जा रही हैं।
No comments:
Post a Comment