Atpee Mishra
प्रयागराज
जनपद के यमुनापार इलाके के कौंधियारा में गुरुवार रात ट्रक लूटने वाले गिरोह के शातिर अपराधी सलमान को पुलिस ने घेरा तो वह गोलियां चलाते हुए भागने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह गोली धंसने से जख्मी हो गया। पुलिस ने मौके से पिस्टल, कारतूस और अपाचे बाइक जब्त कर 32 वर्षीय सलमान को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सलमान का एक साथी फरार हो गया। उसकी तलाश में भी छापेमारी हो रही है।
पिछले साल लूटा था कौंधियारा में ट्रक
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि सोरांव थाना क्षेत्र रुदापुर गांव निवासी सलमान पुत्र हदीस शातिर अपराधी है। बीते साल उसने अपने कुछ साथियों के साथ कौंधियारा इलाके से एक ट्रक को लूट लिया था। उस मुकदमे में तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन सलमान, दानिश और त्यागी फरार चल रहे हैं। कुछ दिनों से सलमान लूट की खातिर फिर यमुनापार में रेकी कर रहा था। एसओजी और थाने की पुलिस को लगाया गया था। बुधवार रात पता चला कि सलमान अपने एक साथी के साथ बाइक से कहीं जा रहा है। एसओजी यमुनापार प्रभारी वृंदावन राय, थानाध्यक्ष कौंधियारा कुलदीप तिवारी की टीम को गिरफ्तारी के लिए भेजा गया। पुलिस टीम सड़वा नहर के पास पहुंचकर घेरेबंदी शुरू की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और भागने लगे। जवाबी फायरिंग में सलमान के दाहिने पैर में गोली लग गई तो वह जमीन पर गिर पड़ा, मगर एक बदमाश भाग निकला। उसके साथी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गोली से जख्मी सलमान के खिलाफ सोरांव, कौंधियारा, अयोध्या, और जौनपुर में लूट के मुकदमे दर्ज हैं। जल्द ही उसके फरार साथी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No comments:
Post a Comment