अंबेडकरनगर
सगे भाइयों की शव यात्रा रास्ते में रोककर आक्रोशित युवकों ने हत्यारों की गिरफ्तारी व फांसी देने की मांग को लेकर राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगा दिया। पुलिस व प्रशासन विरोधी जमकर नारेबाजी की।
राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मल्लूपुर मजगवां में हुए दोहरे हत्याकांड में मंगलवार को दोपहर बाद आजमगढ़ में पोस्टमार्टम के बाद मृतक प्रधान पति अनिल मिश्रा व उनके बड़े भाई का घर पर शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बाद में दोनों भाइयों की एक साथ अर्थी निकलते ही दरवाजे पर मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शवयात्रा जैसे ही राजेसुलतानपुर चौक पर पहुंची तो आक्रोशित युवकों ने सड़क पर बाइक खड़ा कर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, फांसी देने की मांग की। आक्रोशित युवकों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के विरुद्ध नारेबाजी की। शव यात्रा के साथ चल रहे अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश मिश्रा, थानाध्यक्ष पीएन तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नारेबाजी करते रहे। भाजपा नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, गंगा प्रसाद मिश्र, दिनेश पांडेय, कृष्ण भगवान मिश्र, राघव तिवारी, सपा नेता योगेंद्र त्रिपाठी आदि ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम समाप्त हो सका। पीएसी व कई थानों की पुलिस, अन्य सर्किलों के सीओ के साथ शव यात्रा पदुमपुर बाजार होते हुए कम्हरिया घाट के लिए रवाना हुई। देर शाम दोनों भाइयों के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
No comments:
Post a Comment