Suchit Kumar Tiwari
अहमदाबाद
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस मौके पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनका स्वागत किया है। जगत प्रकाश नड्डा के साथ संगठन महासचिव बीएल संतोष भी यहां पहुंचे हैं। दोनों ही नेता मंगलवार को आरएसएस के सरसंघ चालक मोहन भागवत से मुलाकात करेंगे। गुजरात में चल रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की समन्वय बैठक में शामिल होने के लिए भागवत गुजरात में हैं। उनके अलावा सरकार्यवाह भैयाजी जोशी भी मौजूद हैं। भाजपा अध्यक्ष नड्डा मंगलवार को भागवत व जोशी से अहमदाबाद के संघ कार्यालय पर मुलाकात करेंगे।
बुधवार को संघ की समन्वय बैठक के बाद भाजपा संगठन व सरकार के आला नेता भी भागवत व संघ के अन्य नेताओं से मिलने जाएंगे। विविध राष्ट्रीय मुद्दों पर संघ की हर दो साल में होने वाली समन्वयक बैठक इस बार गांधीनगर के उवारसद में चल रही है। इसमें गुजरात में संघ के कामकाज तथा संघ की शाखाएं बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अध्यक्ष बनने के बाद देश के सभी राज्यों का दौरा कर पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन के चलते उनका यह दौरा बीच में ही रोक देना पड़ा था। अब एक बार फिर नड्डा ने गुजरात से अपने इस दौरे की शुरुआत की है। सोमवार दोपहर नड्डा व संतोष अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय श्रीकमलमपर भाजपा की प्रदेशस्तरीय बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय नेताओं ने प्रदेश के नेता व कार्यकर्ताओं से मिलकर विचार-विमर्श किया।
No comments:
Post a Comment