Dr.U.S. Bhagat
वाराणसी
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद ने संरचना बना ली है। वाराणसी जिले को दो भाग में बांटा गया है। एक दक्षिण जिला तो दूसरा उत्तर जिला। इसके अभियान प्रभारी भी बना दिए गए हैं जिसके तहत महानगर अध्यक्ष कन्हैया सिंह को दक्षिणी तो राजन तिवारी को उत्तरी जिला अभियान प्रमुख बनाया गया है।
दक्षिण जिला का धन संग्रह कार्यालय लहरतारा में खोल दिया गया है जिसका उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने किया है जबकि उत्तर जिला का धन संग्रह कार्यालय अभी खोला जाना है। स्थान की तलाश हो रही है। विहिप के कार्यकर्ता अरविंद रस्तोगी के आवास को प्राथमिकता पर रखा गया है। हालांकि, विहिप की ओर से इस बाबत स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है लेकिन वरुणापार इलाके में ही कार्यालय खोलने की तैयारी है। धन संग्रह अभियान के लिए जो संरचना बनाई गई है उसमें दक्षिण जिले को 12 नगरों में बांटा गया है। इसमें 120 बस्तियों को चिन्हित किया गया है। इन बस्तियों को भी पृथक करते हुए हर बस्ती में एक 10 उप बस्ती को शामिल किया गया है। अब तक नगर व बस्तियों की संरचना सुनिश्चित कर ली गई है जबकि उप बस्तियों की संरचना शेष है जिसे 10 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। 15 जनवरी से जन संग्रह का कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए टोलियों को आकार दिया जा रहा है। इसके लिए ऊपर से लेकर नीचे तक समितियों का गठन हो रहा है। यानी नगर, बस्ती व उप बस्ती में टोलियां बनाई जाएंगी जो धन संग्रह का कार्य करेंगी।
No comments:
Post a Comment