अंबेडकरनगर
उपजिलाधिकारी अकबरपुर मोइनुल इस्लाम ने पशु आश्रय स्थल प्रतापपुर चमुर्खा और मिर्जापुर का औचक निरीक्षण किया। पशु आश्रय स्थल प्रतापपुर चमुर्खा में एक गाय मृत मिली और कई गोवंश बीमार मिले। मृत गाय का अंतिम संस्कार करने तथा बीमार पशुओं का तत्काल इलाज कराने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया। आश्रय स्थल पर अव्यवस्था देखकर एसडीएम ने काफी नाराजगी जाहिर की।
यहां 20 क्विंटल भूसा और 58 बोरी पशु आहार मिला। इसके बाद भी यहां कई मवेशी उठने और चलने में असमर्थ मिले। यहां तैनात सफाई कर्मियों ने बताया कि पशु चिकित्सक नहीं आए हैं। मौके पर यहां अलाव भी नहीं जल रहा था। कर्मियों ने बताया कि लकड़ी के अभाव में 10 जनवरी से अलाव नहीं जला है। इसके अलावा उत्तर और दक्षिण दिशा से पशु आश्रय को ढका भी नहीं गया है। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए जूट की बोरी भी नहीं मिली। मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि यहां यूकेलिप्टस के 10 तथा अर्जुन के तीन पेड़ सूख चुके हैं। ये कभी भी गिरकर आश्रय और पशुओं को क्षति पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा हाई वोल्टेज तार भी खतरे का सबब बना है। यहां की व्यवस्था पर एसडीएम ने असंतोष जताया। इसके बाद पशु आश्रय स्थल मिर्जापुर में निरीक्षण के दौरान कुल 80 पशुओं में एक बैल के पेट में चोट लगी दिखी। हालांकि बाकी पशु स्वस्थ मिले। यहां भी पशुओं को ठंड से बचाने के लिए जूट की बोरियां और तिरपाल का इंतजाम नहीं मिला। यहां गंदगी देखकर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर की।
No comments:
Post a Comment