अयोध्या
प्रदेश के पूर्व निदेशक मेडिकल केयर डॉ. आरडी सिंह का मंगलवार को एसजीपीजीआई लखनऊ में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद वह करीब डेढ़ माह से वहां भर्ती थे। वह 72 साल के थे। भतीजे डॉ. डीबी सिंह के मुताबिक डॉ. आरडी सिंह का पार्थिव शरीर देर शाम उनके पैतृक गांव बेलसर (गोंडा) पहुंच गया, जहां बुधवार को अंतिम संस्कार होगा।
डॉ. आरडी सिंह 2008 में निदेशक मेडिकल केयर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने फैजाबाद शहर के अंगूरीबाग स्थित निजी अस्पताल में प्रैक्टिस जारी रखी। अपने मधुर व्यवहार व संवेदनशीलता के कारण वह काफी लोकप्रिय थे। उनका छोटा बेटा डॉ. दिग्विजय सिंह इस अस्पताल का कर्ता-धर्ता है। बड़ा बेटा उमेश प्रताप सिंह व्यवसाय करता है। पत्नी कृष्णा देवी गृहणी हैं। करीब डेढ़ माह पूर्व उनकी हालत में गिरावट आई। जांच में उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया। उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत में सुधार भी हो रहा था। मंगलवार को अचानक उनकी हालत में गिरावट आ गई। दोपहर में उनकी सांसें थम गईं। उनके निधन पर पीएमएस व इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय कमेटियों ने बुधवार को शोक सभाएं आहूत की हैं।
No comments:
Post a Comment