#IIN
नई दिल्ली
दुर्घटनाओं को कम करने और समुद्री वातावरण को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम भारतीय जल क्षेत्र में व्यापारी और मछली पकड़ने के जहाजों के लिए अलग-अलग संचालन मार्गो की घोषणा की। देश के दक्षिण-पश्चिम तट के आसपास का अरब सागर एक व्यस्त मार्ग है, जहां से काफी संख्या में व्यापारी जहाज गुजरते हैं। साथ ही बड़ी संख्या में मछली पकड़ने के जहाज भी वहां से गुजरते हैं, जिससे कई बार टकराव और जानमाल का नुकसान होता है।
जहाजरानी मंत्रालय ने एक बयान में कहा, लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए दक्षिण-पश्चिम भारतीय जल क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों और मछली पकड़ने के जहाजों के संचालन मार्गो को अलग कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारी और मछली पकड़ने के जहाजों के संचालन के चलते टकराव की खबरें आती थीं। इससे जानमाल का नुकसान और पर्यावरण प्रदूषण होता था। जहाजरानी मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह निर्णय भारतीय जल क्षेत्र में नौवहन को आसान बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
No comments:
Post a Comment